विकास नंद/सर्वव्यापी

विकासखंड सरायपाली में 30 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का विशेष महाअभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 14 वर्ष की पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए HPV वैक्सीन लगाई जाएगी।
यह अभियान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा के मार्गदर्शन में आयोजित होगा।अभियान का संचालन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नारायण साहू, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी टी.आर. धृतलहरे एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक शीतल सिंह के संयुक्त नेतृत्व में किया जाएगा।
अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं मैदानी अमले के माध्यम से पात्र बालिकाओं और उनके अभिभावकों तक टीकाकरण की जानकारी पहुंचाई जाएगी। साथ ही अभिभावकों को HPV वैक्सीन के महत्व एवं सर्वाइकल कैंसर से बचाव में इसकी भूमिका के बारे में जागरूक किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग सरायपाली ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा अपनी पात्र बालिकाओं का समय पर HPV टीकाकरण अवश्य करवाएं।विभाग ने कहा है कि HPV वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक वीडियो और अपुष्ट जानकारी के बहकावे में न आएं। टीकाकरण को लेकर किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य कर्मचारियों से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।आज का टीकाकरण, बेटियों के सुरक्षित भविष्य का आधार।


