Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

धान में नमी के चलते निरस्त हुए टोकन, दोबारा खरीदी नहीं होने से किसान परेशान, चक्रवाती तूफान से प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से लगाई गुहार, 15 से 20 नवंबर तक निरस्त टोकन फिर जारी करने की मांग।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

सरायपाली क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के चलते धान में नमी की समस्या उत्पन्न होने से कई किसानों के पहले से कटे हुए धान खरीदी के टोकन निरस्त हो गए हैं। अब दोबारा टोकन नहीं कटने के कारण किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि धान खरीदी केंद्रों में टोकन निरस्त होने के बाद पुनः टोकन जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे उनके सामने धान बेचने की समस्या खड़ी हो गई है।

प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि 15 नवंबर से 20 नवंबर के बीच जिन किसानों के टोकन निरस्त हुए हैं, उन्हें दोबारा टोकन जारी करने की व्यवस्था की जाए, ताकि वे अपनी धान की उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकें।

ऐसी ही समस्या से जूझ रही बलौदा धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत ग्राम टीभुपाली की एक महिला किसान ने बताया कि उनके धान के दो टोकन कटे हुए थे, जिनमें से एक टोकन निरस्त हो गया। अब दोबारा टोकन कटवाने का प्रयास करने पर टोकन जारी नहीं हो रहा है। महिला किसान का कहना है कि उनके पास धान की उपज उपलब्ध है, लेकिन टोकन नहीं कटने के कारण वे धान बेचने में असमर्थ हैं।

महिला किसान सहित क्षेत्र के कई अन्य किसान भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों का कहना है कि चक्रवाती तूफान के कारण धान में नमी आने से टोकन निरस्त होना उनकी मजबूरी थी, लेकिन अब मौसम की स्थिति और धान की उपलब्धता के बावजूद दोबारा टोकन नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।किसानों ने शासन-प्रशासन से प्रभावित किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निरस्त टोकनों की पुनः अनुमति देने तथा धान खरीदी की प्रक्रिया में राहत प्रदान करने की मांग की है, ताकि किसानों की मेहनत से उपजाई गई धान समय पर समर्थन मूल्य पर बिक सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!