Newsछत्तीसगढ़

नाट्यशास्त्र समग्र भारतीय ज्ञान परंपरा का दर्शन कराने वाला महत्त्वपूर्ण ग्रंथ- पावडे।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

भरतमुनि प्रणीत ‘नाट्यशास्त्र’ केवल नाट्य, संगीत और नृत्य जैसी प्रयोगात्मक कलाओं अथवा शिल्प एवं चित्रकला जैसी दृश्य कलाओं का ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह समग्र भारतीय ज्ञान परंपरा का बहुआयामी दर्शन कराने वाला एक महत्त्वपूर्ण ज्ञानग्रंथ है। इस ग्रंथ में तत्कालीन भारतीय समाजजीवन, सामाजिक संरचना, धार्मिक अवधारणाओं, सांस्कृतिक व्यवहारों और कलात्मक अभिव्यक्तियों का भी व्यापक प्रतिबिंब दिखाई देता है। यह विचार प्रसिद्ध नाटककार, नाट्य निर्देशक, नाट्य समीक्षक एवं शोधकर्ता डॉ. सतीश पावडे ने व्यक्त किए।वे विदर्भ साहित्य संघ, वर्धा द्वारा आयोजित ‘अनुसंधान संवाद’ कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राजेंद्ग मुंढे ने की , डॉ गजानन कोटेवार एवं प्रदीप दाते प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित थे।अपने व्याख्यान में डॉ. पावडे ने नाट्यशास्त्र के स्वरूप और उसमें निहित भारतीय ज्ञान परंपरा का विस्तार से विवेचन किया। उन्होंने कहा कि नाट्यशास्त्र की रचना सामान्यतः ईसा पूर्व 200 से ईस्वी 200 के मध्य हुई मानी जाती है। इस ग्रंथ में 36 अध्याय हैं तथा इसकी विषयवस्तु का निरूपण लगभग छह हजार श्लोकों में किया गया है। रसशास्त्र, सौंदर्यशास्त्र, काव्यशास्त्र, अभिनयशास्त्र, नृत्य, संगीत, रंगमंचीय तकनीक, वेशभूषा, अलंकार, शिल्प एवं चित्रकला जैसी अनेक ज्ञानशाखाओं का समावेश इसमें हुआ है। इसलिए नाट्यशास्त्र को केवल कला संबंधी ग्रंथ के रूप में नहीं, बल्कि भारतीय ज्ञान परंपरा के एक महत्त्वपूर्ण सांस्कृतिक दस्तावेज के रूप में देखने की आवश्यकता है।अपने शोधकार्य ‘नाट्यशास्त्र का समाजशास्त्रीय अध्ययन’ का संदर्भ देते हुए डॉ. पावडे ने कहा कि नाट्यशास्त्र के अध्ययन से तत्कालीन समाजव्यवस्था के अनेक महत्त्वपूर्ण पहलू सामने आते हैं। उन्होंने अपने शोध में तत्कालीन धर्मव्यवस्था, कर्मकांड, वर्णव्यवस्था, जातिव्यवस्था, अस्पृश्यता, दासप्रथा तथा सामाजिक स्तरीकरण जैसी व्यवस्थाओं का आलोचनात्मक अध्ययन किया है। इसके साथ ही तत्कालीन समाजजीवन और उसमें कलाओं की भूमिका का भी विश्लेषण किया है।नाट्यशास्त्र की रचना-प्रक्रिया में तत्कालीन शूद्र समाज की भूमिका को अत्यंत महत्त्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि नाट्यकला के सामाजिक आधार को समझते समय इस समाज के योगदान की उपेक्षा नहीं की जा सकती। नाट्य केवल अभिजात वर्ग की कला नहीं है, बल्कि इसके निर्माण, विकास और सामाजिक स्वीकार्यता में विभिन्न समाजघटकों का योगदान रहा है। इसलिए नाट्यशास्त्र का अध्ययन सामाजिक एवं सांस्कृतिक संदर्भों के आधार पर किया जाना आवश्यक है। विशेष अतिठी डॉ कोटेवार ने संशोधन अनुसंधान जैसा जातील कार्य अथक मेहनत एवन सातत्यपूर्ण प्रयास नतीजा होता हे , डॉ पावडे ने याह प्राप्त कर अपने आपको सिद्ध किया है . प्रमुख अतिथि प्रदीप दाते ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अनुसंधान की सामाजिक उपयोगिता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अनुसंधान केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उससे समाज को दिशा मिलनी चाहिए तथा सामाजिक जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की संभावनाएं विकसित होनी चाहिए।कार्यक्रम का प्रास्ताविक करते हुए विदर्भ साहित्य संघ, वर्धा के अध्यक्ष, कवि एवं समीक्षक डॉ. राजेंद्र मुंढे ने वक्ता डॉ. सतीश पावडे का साहित्यिक, नाट्य एवं शोधपरक परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि वर्धा जिले के सभी शोधकर्ताओं को अपने अनुसंधान पर चर्चा करने के लिए एक मंच उपलब्ध होना चाहिए। शोधकर्ताओं को अपने शोधानुभव, अनुसंधान प्रक्रिया और निष्कर्षों को एक-दूसरे के साथ साझा करने का अवसर मिलना चाहिए।‘अनुसंधान संवाद’ कार्यक्रम के संयोजक प्राचार्य राजेश देशपांडे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए अनुसंधान की गुणवत्ता और उसके दस्तावेजीकरण के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि इस उपक्रम के अंतर्गत प्रस्तुत किए जाने वाले शोधकार्यों का संकलन एवं दस्तावेजीकरण कर शीघ्र ही राष्ट्रीय स्तर पर एक संपादित ग्रंथ प्रकाशित करने की योजना है।कार्यक्रम का संचालन डॉ. उल्हास लोहकरे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विदर्भ साहित्य संघ की महासचिव रंजना दाते ने किया।इस अवसर पर राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से नाट्यकला विषय में डी.लिट. की उपाधि प्राप्त करने पर डॉ. सतीश पावडे का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य विलासराव देशमुख, डॉ. प्रमोद नारायणे, एडवोकेट पूजा जाधव, डॉ. आशिष कुमार, डॉ. धीरेंद्र कुमार सिंह, अभियंता महेश मोकलकर एडवोकेट नंदकुमार वानखेडे, संगीता चवरे सहित साहित्य, कला, शिक्षा एवं अनुसंधान क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!