विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई के तहत महासमुंद पुलिस ने विभिन्न थानों में जब्त अवैध गांजे का नियमानुसार नष्टीकरण किया। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में 19 क्विंटल 98 किलो 543 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 करोड़ 35 लाख 13 हजार 500 रुपये है, नष्ट किया गया।
नष्टीकरण की कार्रवाई 25 नवंबर को बालाजी प्लांट, बेलसोंडा महासमुंद में की गई। इस दौरान जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक महासमुंद, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी की उपस्थिति में गांजे का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके पश्चात शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।
छह थानों के 57 प्रकरणों का गांजा शामिल
नष्टीकरण में जिले के छह थानों में दर्ज वर्ष 2026 के कुल 57 एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जब्त गांजा शामिल था। इनमें थाना कोमाखान के 21, बसना के 14, सिंघोड़ा के 18, महासमुंद के 1, सरायपाली के 2 तथा बागबाहरा के 1 प्रकरण का गांजा शामिल है।महासमुंद पुलिस द्वारा जब्त मादक पदार्थों के नियमानुसार नष्टीकरण की यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।




