
विकास नंद/सर्वव्यापी

प्रशासनिक पद की औपचारिकता से आगे बढ़कर आम लोगों के बीच अपनत्व और विश्वास कायम करना किसी भी अधिकारी की कार्यशैली को खास बनाता है। कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत की जनदर्शन में नजर आने वाली सहज संवादशैली इन दिनों इसी वजह से चर्चा का विषय बनी हुई है। ‘कैसे हो दीदी… बताओ कका’ जैसे आत्मीय संबोधनों के जरिए वे न केवल लोगों की समस्याएं सुनते हैं, बल्कि उनकी परिस्थितियों को समझकर समाधान की दिशा में भी पहल करते हैं।
सोमवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने 103 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ संबंधित गांवों की बुनियादी सुविधाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े विषयों की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समस्या सुनने के साथ स्वरोजगार का रास्ता भी सुझाया
जनदर्शन में गोद में छोटे बच्चे को लेकर पहुंची एक महिला ने शासकीय नौकरी की उम्मीद में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए स्पष्ट किया कि शासकीय नौकरी निर्धारित भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से ही मिल सकती है। हालांकि, उन्होंने महिला को स्वरोजगार के विकल्प सुझाते हुए बकरी पालन, मुर्गी पालन, मछली पालन और स्वसहायता समूह से जुड़ने की जानकारी दी। महिला की सहमति पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। यह पहल दर्शाती है कि कलेक्टर केवल समस्याओं का जवाब देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी प्रयासरत हैं।
आत्मीय संवाद से दूर होती है लोगों की झिझक
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर का संवाद करने का अंदाज भी खास रहा। बुजुर्गों से ‘बताओ कका’, महिलाओं से ‘कैसे हो दीदी’ और बुजुर्ग महिलाओं से ‘बताओ दाई’ कहकर वे बातचीत की शुरुआत करते हैं। उनके इस सहज व्यवहार से ग्रामीणों की झिझक कम होती है और वे अपनी समस्याओं के साथ गांव की वास्तविक परिस्थितियां भी खुलकर सामने रख पाते हैं।
103 आवेदनों में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल
इस जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, वन अधिकार पट्टा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, महतारी वंदन योजना की राशि, मूलभूत सुविधाएं, नगर निगम क्षेत्र में पट्टा सर्वे से संबंधित दावा-आपत्तियां, बिजली बिल में सुधार, विद्युत लाइन, आरबीसी 6-4 के तहत सहायता तथा पुल-पुलिया निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार और विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर भी चर्चा की।महतारी वंदन योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत लेकर पहुंची महिलाओं को उन्होंने आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया समझाई। वहीं, शासकीय भूमि पर कब्जे और पट्टा प्रदान करने से जुड़े मामलों में सार्वजनिक उपयोग की जमीन का महत्व बताते हुए नियमानुसार जांच के बाद निर्णय लेने की बात कही।
साइबर ठगी पर सतर्कता का संदेशएक आवेदक ने बैंक खाते से साइबर ठगी के माध्यम से राशि निकलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई के साथ लोगों को डिजिटल लेनदेन में सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने ओटीपी साझा नहीं करने, अनजान व्यक्तियों के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन नहीं करने और दूसरों को भी साइबर ठगी के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
गांवों के विकास और किसानों की सुविधा पर भी जोर
ग्राम चचिया के धान खरीदी केंद्र के स्थान और संचालन को लेकर पहुंचे दो पक्षों की बात सुनकर कलेक्टर ने आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि विवाद के कारण धान खरीदी केंद्र का संचालन प्रभावित होने से नुकसान गांव के किसानों को ही उठाना पड़ेगा।वहीं, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों से उन्होंने पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड सहित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने और उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए तस्वीरें मंगाने की बात भी कही। उन्होंने पुराने स्वीकृत कार्य समय पर पूर्ण होने पर नए विकास कार्यों पर भी विचार करने का भरोसा दिया। इससे उत्साहित सरपंचों ने निर्धारित समय में अधूरे कार्य पूरे करने का संकल्प लिया।
ग्राम तरदा के पास सड़क निर्माण से प्रभावित पुराने मकानों की शिकायत पर कलेक्टर ने उपलब्ध सैटेलाइट चित्रों और संबंधित अभिलेखों के आधार पर परीक्षण कराने की बात कही। वहीं, कुसमुंडा खदान परियोजना से जुड़े भू-विस्थापितों की समस्याओं पर संबंधित महाप्रबंधक से जानकारी लेकर पात्र लोगों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन को बनाया संवाद और समाधान का माध्यम
कलेक्टर कुणाल दुदावत की कार्यशैली की विशेषता यह है कि वे आवेदनों के निराकरण के साथ संबंधित गांवों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति भी जानने का प्रयास करते हैं। उनका मानना है कि जनसमस्याओं का समाधान केवल आवेदन पर कार्रवाई करने से नहीं, बल्कि समस्या की वास्तविक परिस्थितियों को समझने से संभव है।
जनदर्शन में हर समस्या का समाधान उसी दिन हो पाना संभव नहीं होता, लेकिन आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनना, उसे प्रक्रिया की जानकारी देना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देना समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
‘कैसे हो दीदी… बताओ कका’ जैसे आत्मीय संबोधन कलेक्टर की संवादशैली को आमजन के बीच सहज और भरोसेमंद बनाते हैं। उनकी यह कार्यशैली प्रशासन और जनता के बीच की दूरी कम करने के साथ जनदर्शन को केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और समाधान का माध्यम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, अपर कलेक्टर ओमकार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।



