Newsछत्तीसगढ़

राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा,1 से 3 नवंबर तक होगा भव्य आयोजन।

विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्योत्सव एवं राज्य अलंकरण समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार तैयारियों और प्रदर्शनी की कार्ययोजना तैयार कर 22 अक्टूबर तक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। राज्योत्सव को केंद्रीय थीम आधारित स्वरूप में आयोजित करने पर जोर देते हुए उन्होंने प्रदर्शनी और कार्यक्रमों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषयों के साथ प्रदेश के भविष्य, विकास और संभावनाओं को प्रमुखता देने के निर्देश दिए।

40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार होंगे प्रदान

राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। मुख्य सचिव ने पुरस्कारों के चयन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। आयोजन के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर (मेला ग्राउंड), नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता में प्रस्तावित है।

विभागों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां

राज्योत्सव की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सीएसआईडीसी, एनआरडीए और लोक निर्माण विभाग को मेला स्थल का ले-आउट, स्टॉल आवंटन, विकास प्रदर्शनी, मुख्य मंच, डोम, पंडाल, बैठक एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।जनसंपर्क विभाग एवं चिप्स प्रचार-प्रसार और हाईटेक मीडिया सेंटर की व्यवस्था करेंगे। वहीं नगर निगम रायपुर एवं एनआरडीए नागरिक सुविधाओं, सिटी बस, पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था संभालेंगे। स्वास्थ्य एवं ऊर्जा विभाग चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करेंगे।

बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव, रायपुर संभाग के कमिश्नर, कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!