Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

कलेक्टर लंगेह की अपील – जल संरक्षण के लिए दलहन और तिलहन फसलों की खेती अपनाएं किसान।

विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में लगातार गिरते भूजल स्तर को नियंत्रित करने और भविष्य में जल संकट की स्थिति से बचने के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किसानों से ग्रीष्मकालीन रबी धान की खेती नहीं करने की अपील की है। उन्होंने किसानों को धान के विकल्प के रूप में कम पानी में तैयार होने वाली लाभकारी दलहन एवं तिलहन फसलों की खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए हैं।

उप संचालक कृषि एफ.आर. कश्यप ने बताया कि जिले की कृषि परिस्थितियों, स्थानीय मिट्टी और सिंचाई की उपलब्धता के आधार पर किसान चना, मूंग, उड़द, मसूर, तिवड़ा, रागी, मक्का, सूरजमुखी और सरसों जैसी वैकल्पिक फसलों की खेती कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन धान की फसल में अत्यधिक सिंचाई की आवश्यकता होती है, जिससे भूजल स्तर में लगातार गिरावट आ रही है।

भूमिगत जल के अत्यधिक दोहन से गर्मी के दिनों में आम नागरिकों और मवेशियों के लिए पेयजल संकट गहराने की आशंका भी बढ़ जाती है।उन्होंने बताया कि लगातार धान की फसल लेने से मिट्टी के पोषक तत्वों में कमी आती है और खेती की लागत भी बढ़ती है। इसके विपरीत दलहन एवं तिलहन फसलों में धान की तुलना में काफी कम पानी की आवश्यकता होती है।

बाजार में इन फसलों की अच्छी मांग और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी की सुविधा से किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।दलहनी फसलों की एक विशेषता यह भी है कि इनकी जड़ों में मौजूद जीवाणु वायुमंडलीय नाइट्रोजन को मिट्टी में स्थिर करने में मदद करते हैं। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है और अगली फसल में रासायनिक उर्वरकों पर होने वाला खर्च कम हो सकता है।

कृषि विभाग के अनुसार, फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीजों पर विशेष अनुदान के साथ कृषि विभाग का मैदानी अमला किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध करा रहा है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने किसानों से अपील की है कि वे भविष्य में संभावित जल संकट को ध्यान में रखते हुए ग्रीष्मकालीन धान की बुवाई से बचें और कम पानी में अधिक लाभ देने वाली वैकल्पिक फसलों को अपनाकर जल संरक्षण में सहभागी बनें। बीज एवं खेती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्र के ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा विकासखंड कृषि विभाग कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!