Newsछत्तीसगढ़

फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य, तभी मिलेगा बीमा क्लेम का लाभ, कृषि विभाग की किसानों से अपील, व्हाट्सएप चैटबॉट, पीएमएफबीवाई ऐप या टोल फ्री नंबर 14447 पर दर्ज कराएं शिकायत।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में हुई असामयिक बारिश को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान की सूचना निर्धारित समय-सीमा में दर्ज कराने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक आपदा से फसल क्षति होने पर किसानों को इसकी जानकारी 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है। निर्धारित समय-सीमा में सूचना दर्ज नहीं कराने पर किसान बीमा क्लेम के लाभ से वंचित हो सकते हैं।कृषक फसल नुकसान की सूचना व्हाट्सएप चैटबॉट, पीएमएफबीवाई ऐप अथवा बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 (कृषि रक्षक पोर्टल) के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए किसान अपनी क्षतिग्रस्त फसल की जियो-टैग फोटो अपलोड कर नुकसान की जानकारी दे सकते हैं। सूचना प्राप्त होने के बाद बीमा कंपनी के सर्वेयर द्वारा 10 दिनों के भीतर सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।

कटाई के बाद रखी धान की फसल भी बीमा के दायरे में

कृषि विभाग के अनुसार, कटाई के बाद खेत या खलिहान में रखी धान की फसल (करपा) के लिए कटाई के उपरांत 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का प्रावधान लागू रहेगा। वहीं, खड़ी फसल में जलभराव की स्थिति में बीमा दावे की गणना योजना के निर्धारित प्रावधानों एवं फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर की जाएगी।

शिकायत दर्ज कराने के लिए जरूरी दस्तावेज एवं जानकारी

फसल नुकसान की सूचना दर्ज कराते समय किसानों को अपना नाम, मोबाइल नंबर, ग्राम, तहसील एवं जिला, खसरा नंबर, बीमित फसल का नाम, बीमा पॉलिसी नंबर, नुकसान का विवरण और नुकसान होने की तारीख जैसी आवश्यक जानकारी तैयार रखनी होगी, ताकि शिकायत दर्ज कराने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

फसल नुकसान के फोटो और वीडियो सुरक्षित रखने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से कहा है कि अधिक फसल नुकसान होने की स्थिति में तत्काल संबंधित क्षेत्र के पटवारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को इसकी सूचना दें। किसान अपनी खड़ी अथवा कटी हुई फसल के नुकसान की जियो-टैग फोटो और वीडियो भी सुरक्षित रखें।इसके अलावा खलिहान में रखी धान की फसल को पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें, ताकि बारिश से होने वाले अतिरिक्त नुकसान को रोका जा सके।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि फसल क्षति होने पर बिना देरी किए निर्धारित 72 घंटे के भीतर सूचना दर्ज कराएं, जिससे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा क्लेम का लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!