
विकास नंद/ सर्वव्यापी

बचपन की खुशियां छोटी-छोटी चीजों में छिपी होती हैं। कभी हाथों में आया नया खिलौना, कभी अपनों का स्नेह तो कभी साथ बैठकर भोजन करने का अवसर बच्चों के लिए यादगार बन जाता है। ऐसा ही खुशियों और अपनत्व से भरा नजारा महासमुंद के नयापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में देखने को मिला। यहां बच्चों को नए खिलौने मिले तो उनके चेहरे खिल उठे। किसी ने खिलौना कार थामी तो कोई लूडो और पजल्स के साथ खेलने में मगन हो गया। बच्चों के लिए आयोजित नेवता भोज ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्र नयापारा में क्षेत्र के छह आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी डॉ. एकता लंगेह उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव पांडेय तथा पर्यवेक्षक शीला प्रधान भी मौजूद रहे।
खिलौनों के साथ पोषण किट का भी वितरण
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एकता लंगेह ने बच्चों को लूडो, खिलौना बाइक, कार, माइंड गेम और पजल्स सहित विभिन्न प्रकार के खिलौने वितरित किए। इसके साथ ही बच्चों को पोषण किट भी प्रदान की गई। नए खिलौने पाकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनके खेल, सीखने की क्षमता और समग्र विकास को प्रोत्साहित करना रहा।इसके पश्चात बच्चों के लिए नेवता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन परोसा गया। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया। इस दौरान अतिथियों ने भी बच्चों के साथ समय बिताया और उनका उत्साहवर्धन किया।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और शिक्षा से ही संवरेगा बचपन
बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए डॉ. एकता लंगेह ने उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही अभिभावकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छ वातावरण और संतुलित पोषण पर विशेष ध्यान दें।उन्होंने कहा कि बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित बचपन ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत बुनियाद है। प्रारंभिक अवस्था में बच्चों को बेहतर पोषण, उचित देखभाल और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में इसकी भूमिका पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र प्रारंभिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी
जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी राजीव पांडेय ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक विकास, टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल और खेल-खेल में शालेय पूर्व शिक्षा की मजबूत नींव तैयार करने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।कार्यक्रम का संचालन तारिणी चंद्राकर ने किया। पर्यवेक्षक शीला प्रधान ने अतिथियों सहित आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता निरंजना चंद्राकर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सावित्री रजक, रूपा भारती, अंजू चंद्राकर, ललिता ठाकुर, भारती रेड्डी, हीना तंदवीर सहित आंगनबाड़ी सहायिकाएं एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।




