
विकास नंद (सर्वव्यापी)

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास कार्रवाई करते हुए गांजा परिवहन के आरोप में राजस्थान निवासी चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 27.590 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत 13 लाख 79 हजार 500 रुपये आंकी गई है, तथा चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 14 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बैग की तलाशी में मिला गांजा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और तस्करी के स्रोत से लेकर गंतव्य तक के नेटवर्क की जांच करने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चार व्यक्ति पीठू बैग में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी की और पैदल आ रहे चार संदिग्धों को रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके बैग से गांजा बरामद हुआ।
फुलबानी से अहमदाबाद ले जाने की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले के फुलबानी से गुजरात के अहमदाबाद ले जाने की बात बताई। आरोपियों के कब्जे से कुल 27.590 किलोग्राम गांजा और चार मोबाइल फोन बरामद कर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार चारों आरोपी राजस्थान के सिरोही जिले के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।रणछोड़ पटेल (28 वर्ष), पिता लुंबराम पटेल।प्रवीण कुमार पटेल (24 वर्ष), पिता लुंबराम पटेल।संजय सिंह (25 वर्ष), पिता रमेश सिंह।नारायण वाराडी (46 वर्ष), पिता देवाजी वाराडी।14.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्तकार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है—27.590 किलोग्राम गांजा: कीमत 13,79,500 रुपये।चार मोबाइल फोन: कीमत 25,500 रुपये।कुल जब्त संपत्ति: 14,05,000 रुपये।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के साथ-साथ तस्करी के स्रोत, परिवहन मार्ग, गंतव्य और संभावित नेटवर्क की जांच पर भी जोर दिया जा रहा है।



