
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र ने गुरुवार, 01 अक्टूबर को स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत एक दिन एक घंटा एक साथ के तहत स्वच्छता अभियान चलाया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक विद्यार्थियों सहित अध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं पिपरी मेघे ग्राम पंचायत के पदाधिकारी एवं नागरिकों ने इस अभियान में बढ़-चढ़ कर सहभागिता की। यह अभियान सुबह 07:00 से बजे कारला चौक परिसर से पुलिस क्वॉर्टर तक चलाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुरेंद्र गादेवार, राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक डॉ. बालाजी चिरडे, प्रो. दिगंबर तंगलवाड, डॉ. एन.ए. हुनगुंद, डॉ. श्रीनिकेत मिश्र, डॉ. हेमचंद्र ससाने, डॉ. शैलेश मरजी कदम, डॉ. शिव सिंह बघेल, डॉ. देवेंद्र कुमार, बी.एस. मिरगे, वेद प्रकाश, माई भारत के दयाराम रामटेके, सतीश इंगोले, खंड विकास अधिकारी समर्थ सेवाळे, सचिव चंद्रशेखर वघळे, पिपरी मेघे ग्राम पंचायत की सरपंच वैशाली गौळकर, उप सरपंच गजानन वानखेडे, सदस्य अजय गौळकर, वैभव चाफले, पूर्व सदस्य प्रशांत खंडारे सहित गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अभियान के अंतर्गत निबंध प्रतियोगिता, घोष वाक्य लेखन, एक पेड़ मां के नाम आदि उपक्रमों का भी आयोजन किया गया।*स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत निकाली रैली*इस अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से स्वच्छता में समृद्धि विषय पर गुरुवार की शाम को छत्रपति शिवाजी महाराज प्रवेश द्वार से पंजाब कॉलोनी तक रैली निकाली गयी। रैली में हम सब का यही सपना स्वच्छ हो भारत अपना, जन-जन का यह नारा है, भारत को स्वच्छ बनाना है जैसे नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। रैली का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना के संयोजक डॉ. बालाजी चिरडे ने किया। रैली में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिव सिंह बघेल, डॉ. हेमचंद्र ससाने सहित राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में सहभागी हुए।



