
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफगौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा रविवार, 27 सितंबर 2026 को जीपीएम जिले में उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित की गई। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय, स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महापरीक्षा में जिले के तीनों विकासखंडों एवं तीन नगरीय निकायों के 270 परीक्षा केंद्रों पर हजारों नवसाक्षरों ने हिस्सा लिया।कलेक्टर विजय दयाराम के.के मार्गदर्शन में परीक्षा का आयोजन प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया गया। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए सभी 270 केंद्रों पर केन्द्राध्यक्ष तथा 344 पर्यवेक्षक एवं सहमूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति की गई थी। जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित मॉनिटरिंग दलों ने परीक्षा केंद्रों का सतत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शाम 4 बजे तक 5518 परीक्षार्थी शामिल

जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नजदीकी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। शाम 4 बजे तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार जिले में 5518 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो चुके थे।जिला शिक्षा अधिकारी ने जिला मॉनिटरिंग दल के साथ शासकीय माध्यमिक शाला सरकारीपारा पेंड्रा, माध्यमिक शाला बचरवार, अड़भार, सकोला, दमदम, मझगवां एवं माहोरा सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
78 वर्षीय प्रेम सिंह से लेकर 65 वर्षीय दौजी बाई ने भी दी परीक्षा
महापरीक्षा में नवसाक्षरों का उत्साह देखते ही बना। परीक्षा केंद्रों पर उम्र की सीमाएं भी पीछे छूटती नजर आईं। 65 वर्षीय दौजी बाई, उनकी 38 वर्षीय बहू रुक्मणी बाई तथा बेलपत में 78 वर्षीय प्रेम सिंह और 72 वर्षीय कृपाल सिंह ने भी उत्साहपूर्वक मूल्यांकन परीक्षा में हिस्सा लिया। जिला शिक्षा अधिकारी ने इन परीक्षार्थियों से बैठकर चर्चा की और उनका उत्साहवर्धन किया।कई परीक्षा केंद्रों पर एक ही परिवार के सास-ससुर, पति-पत्नी तथा देवरानी-जेठानी भी परीक्षा में शामिल हुए। नवसाक्षरों के उत्साह को बढ़ाने के लिए विभिन्न केंद्रों पर सेल्फी जोन एवं आदर्श परीक्षा केंद्र बनाए गए। परीक्षार्थियों का तिलक लगाकर, फूल-माला एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
अधिकारियों ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
विकासखंड गौरेला में विकासखंड शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र सिंह ने मड़ना, पतरकोनी, देवरगांव, पकरिया, झगराखांड़ एवं धनौली के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। विकासखंड मरवाही में शिक्षा अधिकारी संजय वर्मा ने सिवनी, मरवाही एवं गुदुमदेवरी केंद्रों का अवलोकन किया।विकासखंड पेंड्रा में आर.एन. चंद्रा एवं संजय नामदेव, बीआरसी ने दमदम, सकोला एवं कुड़कई के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। वहीं डाइट से उषा मित्रा ने सिलपहरी, अंडी एवं मझगवां के परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया।जिला मॉनिटरिंग दल में मुकेश कोरी, जिला नोडल अधिकारी, संजय गुप्ता, सहायक जिला नोडल अधिकारी, बनवाली वासुदेव, प्राचार्य, अनिल मिश्रा, व्याख्याता, उषा मित्रा एवं आलोक शुक्ला सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कंट्रोल रूम से हुई परीक्षा की निगरानी
परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन के लिए जिला एवं विकासखंड स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए थे। कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की गई।परीक्षा संचालन में विकासखंड शिक्षा अधिकारियों संजय वर्मा, उपेन्द्र सिंह एवं आर.एन. चंद्रा, बीआरसीसी संतोष सोनी एवं संजय नामदेव, ब्लॉक नोडल अधिकारी, आलोक शुक्ला, संजय टांडिया, राकेश चौधरी, जोन प्रभारी, संकुल प्राचार्य, संकुल शैक्षिक समन्वयक, स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी शिक्षकों, डाइट पेंड्रा के स्टाफ एवं छात्राध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सफल परीक्षार्थियों को मिलेगा प्रमाण-पत्र
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस मूल्यांकन परीक्षा में सफल होने वाले परीक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS), नई दिल्ली द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। परीक्षा में बड़ी संख्या में नवसाक्षरों की भागीदारी ने जिले में साक्षरता अभियान के प्रति जागरूकता और उत्साह को प्रदर्शित किया।



