विकास नंद/ सर्वव्यापी
कोल घोटाला मामले में आरोपी सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी संपत्ति पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार दोपहर विभाग की टीम भिलाई के कोहका स्थित ए-1 सूर्या रेजिडेंसी पहुंची और करीब 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले मकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।इस कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम ढोल-नगाड़ों के साथ मौके पर पहुंची, जिसके बाद इलाके में कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई। विभाग की कार्रवाई को सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी कथित बेनामी संपत्ति की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।
पहले ही खाली कराया जा चुका था मकान
जानकारी के अनुसार, जिस मकान को आयकर विभाग ने सील किया है, उसमें मनीष उपाध्याय रह रहे थे। विभाग की ओर से उन्हें पहले ही मकान खाली करने का नोटिस दिया गया था। नोटिस मिलने के बाद उन्होंने मकान खाली कर अपना सामान दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया था।मकान खाली कराने और विभागीय कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयकर विभाग ने सुपेला पुलिस से सहयोग मांगा था। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और मकान को सील कर अपने कब्जे में ले लिया।
बेनामी संपत्ति से जुड़ा मामला बताया जा रहा
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की यह कार्रवाई सूर्यकांत तिवारी से जुड़ी कथित बेनामी संपत्ति के मामले में की गई है। हालांकि संपत्ति के संबंध में अंतिम स्थिति और कार्रवाई के विस्तृत आधार को लेकर विभाग की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।ढोल-नगाड़ों के साथ आयकर विभाग की टीम के पहुंचने और मकान को सील किए जाने की कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में लोगों का ध्यान खींचा। मामले में आयकर विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई जारी है।



