Newsछत्तीसगढ़

संयुक्त संचालक शिक्षा ने किया विद्यालयों का औचक निरीक्षण…अनुपस्थित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस, वेतन कटौती की होगी कार्रवाई।

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्विनी कुमार भारद्वाज ने शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से विकासखंड तखतपुर के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना, शासकीय हाई स्कूल कुरेली, शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, मध्यान्ह भोजन, साफ-सफाई, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा शिक्षकों की नियमितता का जायजा लिया गया। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमसेना में परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए तथा मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

शासकीय हाई स्कूल कुरेली एवं शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लाखासार के निरीक्षण के दौरान कई शिक्षक एवं कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार अनुपस्थित अवधि का वेतन काटने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मॉनिटरिंग में कमी पाए जाने पर संस्था प्रमुख को भी कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त संचालक अश्विनी कुमार भारद्वाज ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तखतपुर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सेवा पुस्तिकाओं के संधारण, लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण, मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन, बायोमेट्रिक उपस्थिति तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण की समीक्षा की गई। आवश्यक अभिलेखों के संधारण एवं कार्यों में कमियां पाए जाने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सभी संस्था प्रमुखों को विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने, पाठ्यक्रम समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने, शिक्षा की गुणवत्ता में सतत सुधार लाने तथा विद्यार्थियों के हितों से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन विद्यालयों में पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश का वितरण शेष है, उसे शीघ्र पूर्ण करने तथा शासकीय हाई स्कूल कुरेली में साइकिल वितरण तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

संयुक्त संचालक भारद्वाज ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में अनुशासन, नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण का उद्देश्य शैक्षणिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!