
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सरायपाली ईद-मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर मुस्लिम समाज की ओर से नगर में भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। धार्मिक नारों और उल्लास के साथ निकला जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान नगर में उत्सव, आपसी प्रेम और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।जुलूस का संगम सेवा समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा नगरवासियों ने जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर जुलूस में शामिल लोगों का अभिनंदन किया गया। स्वागत स्थलों पर स्वल्पाहार, शीतल पेय एवं पेयजल की व्यवस्था भी की गई। आयोजकों और नगरवासियों ने एक-दूसरे को ईद-मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया।जुलूस में शामिल लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के प्रेम, शांति, मानवता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। जुलूस के स्वागत में विभिन्न समुदायों के लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द की सुंदर मिसाल पेश की।इस अवसर पर नगर में जगह-जगह लोगों ने मिल-जुलकर जुलूस का स्वागत किया, जिससे आपसी प्रेम और सद्भाव की भावना और मजबूत हुई। पूरे आयोजन के दौरान शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। ईद-मिलादुन्नबी का यह आयोजन भाईचारे, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का संदेश देते हुए संपन्न हुआ।



