
विकास नंद/सर्वव्यापी
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के नए संचालक भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने मंगलवार को इंद्रावती भवन में पदभार ग्रहण किया। इससे पहले वे कांकेर जिले के कलेक्टर के रूप में सेवाएं दे रहे थे।पदभार ग्रहण के दौरान राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल, नगरीय प्रशासन विभाग के अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, अपर संचालक (वित्त) यूनूस खान सहित विभाग एवं SUDA के अधिकारी उपस्थित रहे।पदभार संभालने के बाद संचालक क्षीरसागर ने विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा से सौजन्य मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा SUDA द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी ली।उन्होंने विभागीय कार्यों में तेजी लाने, नगरीय निकायों के समग्र विकास तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।क्षीरसागर ने अधिकारियों से कहा कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा हुआ है। इसलिए नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने वाली योजनाओं और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए विभागीय अधिकारियों और नगरीय निकायों के बीच प्रभावी समन्वय तथा कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




