विकास नंद/ सर्वव्यापी
महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सुनसुनिया ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय ने ग्रामीण श्रेणी में 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर देश में प्रथम स्थान हासिल किया है।यह उल्लेखनीय उपलब्धि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, छात्राओं और समुदाय के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। विद्यालय में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा हरित परिसर निर्माण जैसी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।इन सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप केजीबीवी सुनसुनिया ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। भारत सरकार द्वारा विद्यालय को राष्ट्रीय स्तर की मान्यता के साथ योग्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही स्वच्छ एवं हरित गतिविधियों को और मजबूत करने के लिए विद्यालय को 1 लाख रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी मिलेगी। संबंधित विद्यालय के शाला प्रमुख को शैक्षिक अनुभव यात्रा में सहभागी होने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा।केजीबीवी सुनसुनिया की इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्राओं को बधाई देते हुए स्वच्छता एवं हरित गतिविधियों को इसी तरह निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया है।




