
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के पैकिन गांव में घर से 78,300 रुपये नकद और मोबाइल चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 35,500 रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े और उनकी रसीद बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार पैकिन निवासी मिनकेतन मिश्रा ने 20 अगस्त को थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 अगस्त को वह मजदूरों के साथ कृषि कार्य के लिए खेत गया था। वापस लौटने पर घर में रखे 78,300 रुपये नकद और करीब 2,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन गायब मिला। प्रार्थी ने अपने पड़ोसी विजय झाकर पर संदेह जताया था। मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 92/26 के तहत धारा 305(A), 331(3) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान संदेही लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने गांव के ही जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को मिनकेतन मिश्रा के खेत जाने के बाद तीनों ने मौका देखकर उसके घर में चोरी की योजना बनाई। लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर गेट से कूदकर घर के अंदर गया, जबकि जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा बाहर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रख रहे थे। घर के एक कमरे का दरवाजा खुला होने पर लक्ष्यपाल ने वहां से नकदी और मोबाइल निकाल लिया।
चोरी के बाद तीनों मोटरसाइकिल से छुईपाली शराब भट्ठी पहुंचे, जहां शराब पी। इसके बाद सागरपाली स्थित विकास कपड़ा दुकान में जाकर चोरी के पैसों से कपड़े खरीदे। पुलिस को दुकान की रसीद भी बरामद हुई है। आरोपियों ने चोरी की रकम से पार्टी करने के बाद आपस में रकम बांट ली। लक्ष्यपाल ने जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा को 9-9 हजार रुपये हिस्सा देने की बात बताई। चोरी किया गया मोबाइल बाद में तालाब में फेंक देना भी आरोपी ने स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 35,500 रुपये नकद, चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े और कपड़े की रसीद बरामद कर जब्त की है। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद तीनों को 21 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर पिता कैलाश झाकर, उम्र 22 वर्षजितेन्द्र यादव पिता कन्हैया लाल यादव, उम्र 26 वर्षदशरथ मुण्डा पिता दाउ मुण्डा, उम्र 45 वर्ष, निवासी पैकिन, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद।बरामद संपत्ति: 35,500 रुपये नकद तथा चोरी की रकम से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े व रसीद।




