
विकास नंद/सर्वव्यापी


सारंगढ़-बिलाईगढ़, जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर लंबे समय से विभिन्न विभागों में संलग्न (अटैच) चल रहे 50 शिक्षकों एवं कर्मचारियों का संलग्नीकरण तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है।17 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार कलेक्टर कार्यालय, खनिज शाखा तथा शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों में संलग्न शिक्षकों और कर्मचारियों को अब अपने मूल विद्यालयों एवं कार्यालयों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करना होगा। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी संबंधित कर्मचारी अपने मूल पदस्थापना स्थल पर समय पर उपस्थित होकर शैक्षणिक कार्यों का संचालन करेंगे। साथ ही पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी को VSK ऐप के माध्यम से प्रतिदिन अपनी डिजिटल उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने या निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस निर्णय को जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।




