
विकास नंद/सर्वव्यापी
शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दल सरायपाली द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों की ऊंचाई एवं लंबाई का मापन करने के साथ विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं बीमारियों की जांच की गई।स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिरायु दल की डॉ. अनुपा दास, डॉ. जयश्री दुत्कामणी, सुनीता साव एवं देवकी पटेल ने बच्चों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। दल के सदस्यों ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई, पौष्टिक आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पानी पीने तथा आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।स्वास्थ्य परीक्षण में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चिरायु दल द्वारा विद्यालय में स्वास्थ्य जांच किए जाने से विद्यालय परिवार एवं बच्चों में प्रसन्नता का माहौल रहा।इस अवसर पर प्रधान पाठक दुर्वादल दीप एवं सहायक शिक्षक राजकुमार भोई उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य-स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए चिरायु दल के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।




