
विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के मिनी स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान का गायन हुआ।समारोह में मंत्री दयालदास बघेल ने मुख्यमंत्री के जनता के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन किया। इस दौरान कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार भी मंच पर उपस्थित रहे। हर्ष के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
10 टुकड़ियों ने किया शानदार मार्च पास्ट
मुख्य अतिथि ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ परेड का निरीक्षण किया। परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार ईश्वर साहू के नेतृत्व में 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, वन विभाग, सीनियर एवं जूनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस, स्काउट, गाइड और रेडक्रॉस सहित कुल 10 टुकड़ियों ने मार्च पास्ट करते हुए सलामी दी। परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों का परिचय भी कराया गया।
19 शहीद परिवारों का सम्मान
समारोह में मंत्री बघेल ने जिले में निवासरत 19 शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के 170 शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
827 विद्यार्थियों ने किया योग प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 12 विद्यालयों के 827 विद्यार्थियों ने योग का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। रंग-बिरंगे परिधानों में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।छह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी के देशभक्ति गीतों की संगीतमयी प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम में आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद ने प्रथम, महर्षि विद्या मंदिर मचेवा ने द्वितीय और शासकीय डीएमएस महासमुंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मार्च पास्ट में इन टुकड़ियों ने हासिल किए स्थान
वरिष्ठ सशस्त्र बल समूह में 20वीं वाहिनी सशस्त्र पुलिस बल ने प्रथम, जिला पुलिस बल ने द्वितीय और नगर सेना महिला प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।वरिष्ठ समूह में सीनियर डिवीजन एनसीसी प्रथम, एनएसएस महाविद्यालय द्वितीय और जूनियर डिवीजन एनसीसी तृतीय रहा। कनिष्ठ समूह में एनएसएस आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल ने प्रथम, रेडक्रॉस आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय और स्काउट कनिष्ठ समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता दलों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान किए गए। परेड कमांडर प्रशिक्षु सुबेदार तथा सहायक उप निरीक्षक साइमा अम्बिलकर को भी सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, राज्य मुख्य आयुक्त भारत स्काउट एवं गाइड संघ इंद्रजीत सिंह गोल्डी, बास्केटबॉल संघ के जिलाध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर सहित पार्षद, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, वनमंडलाधिकारी श्रीनिवास टी.एन., रवि कुमार साहू, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस विभाग ने साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान के तहत ‘जागरूकता की एक सेल्फी’ थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। सेल्फी जोन में नागरिकों ने सेल्फी लेकर अभियान में सहभागिता निभाई और साइबर अपराधों से बचाव का संदेश दिया।



