Newsछत्तीसगढ़

बीमारी पर समय रहते लगाम: अब आम नागरिक भी सीधे सरकार को दे सकेंगे रोग प्रकोप की सूचना।

विकास नंद/सर्वव्यापी

किसी गांव, मोहल्ले या बस्ती में यदि अचानक एक जैसी बीमारी के दो या अधिक मामले सामने आते हैं, तो यह संभावित रोग प्रकोप (आउटब्रेक) का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों की जानकारी अब आम नागरिक भी सीधे इंटीग्रेटेड हेल्थ इन्फॉर्मेशन प्लेटफॉर्म (IHIP) पर दर्ज कर सकते हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग तत्काल जांच कर आवश्यक नियंत्रण उपाय शुरू कर सके।भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत संचालित IHIP पोर्टल पर कम्युनिटी बेस्ड सर्विलांस (Community Based Surveillance) की सुविधा उपलब्ध है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपने आसपास दिखाई देने वाली असामान्य बीमारी या संभावित रोग प्रकोप की सूचना ऑनलाइन दर्ज कर सकता है।

पोर्टल पर सूचना दर्ज करते समय सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, आयु, लिंग, पता और व्यवसाय जैसी सामान्य जानकारी के साथ घटना की तिथि, स्थान तथा बीमारी या स्वास्थ्य समस्या का संक्षिप्त विवरण दर्ज करना होता है।

यदि संबंधित फोटो या अन्य दस्तावेज उपलब्ध हों तो उन्हें भी अपलोड किया जा सकता है। मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन के बाद सूचना सीधे संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों तक पहुंच जाती है। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी सूचना देने वाले व्यक्ति से अतिरिक्त जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।

सार्वजनिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार संक्रामक रोगों के प्रसार को रोकने में समय पर सूचना मिलना सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रारंभिक स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग तत्काल जांच, सैंपल संग्रह, उपचार और नियंत्रण संबंधी कार्रवाई शुरू कर सकता है, जिससे बीमारी को बड़े प्रकोप या महामारी का रूप लेने से रोका जा सकता है। सामुदायिक निगरानी से स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होती है और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से पूरे समाज की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल सत्य, तथ्यात्मक और जिम्मेदारीपूर्ण जानकारी ही पोर्टल पर दर्ज करें। अफवाहों, अपुष्ट सूचनाओं और भ्रामक जानकारी से बचें, ताकि स्वास्थ्य तंत्र वास्तविक घटनाओं पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई कर सके।

विभाग ने कहा है कि यदि किसी गांव, मोहल्ले या बस्ती में अचानक एक जैसी बीमारी के दो या अधिक मामले दिखाई दें, तो उसकी सूचना तत्काल IHIP पोर्टल पर दर्ज करें। आपकी समय पर दी गई एक सूचना अनेक लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ संभावित महामारी को प्रारंभिक स्तर पर ही रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!