
नूर मोहम्मद, जिला ब्यूरो चीफ, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)
कलेक्टर विजय दयाराम के. की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाने तथा आम नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने परिवहन, पुलिस, यातायात, राजस्व, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सहित संबंधित विभागों द्वारा सड़क सुरक्षा के लिए किए गए सुरक्षात्मक उपायों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने तेज गति से वाहन चलाने तथा दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना संभावित चौक-चौराहों, तिराहों एवं मोड़ों पर आवश्यकतानुसार सांकेतिक बोर्ड, गति अवरोधक एवं गति सीमा संबंधी बोर्ड लगाने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने विशेष शिविर आयोजित कर 16 वर्ष से अधिक आयु के पात्र स्कूली विद्यार्थियों का लर्निंग लाइसेंस बनाने तथा लर्निंग लाइसेंस की निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद पात्र आवेदकों का स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों एवं अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
कलेक्टर ने मुख्य मार्गों पर आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में रखने तथा उनके संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौरेला शहर में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात के लिए बस संचालकों को निर्धारित रूट चार्ट का अनिवार्य रूप से पालन कराने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने कहा।
सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीर सम्मानित
बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदना एवं जिम्मेदारी का परिचय देने वाले राहबीर यश राठौर को सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने उनके इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आम नागरिकों से भी दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता करने और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की अपील की। बैठक उपरांत प्रधानमंत्री राहत योजना के क्रियान्वयन के संबंध में जागरूकता बैनर का अनावरण भी किया गया। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना से प्रभावित लोगों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध राहत एवं सहायता संबंधी प्रावधानों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने, हेलमेट एवं अन्य सुरक्षा उपायों के उपयोग को प्रोत्साहित करने तथा सड़क सुरक्षा के संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने सहित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज खिलारी, वनमंडलाधिकारी निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे सहित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।




