Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित हुए सरायपाली के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप गुप्ता, स्थानीय पत्रकारों में जगी नई उम्मीद,40 वर्षों की निष्पक्ष पत्रकारिता को मिला सम्मान।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

सरायपाली के वरिष्ठ पत्रकार दिलीप गुप्ता को पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मानित किया। रायपुर के बेबीलोन कैपिटल होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

आज की जनधारा के 36वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित छत्तीसगढ़ नेक्स्ट यूथ कॉन्क्लेव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में पत्रकारिता, कला, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। इसी क्रम में दिलीप गुप्ता को उनकी चार दशक लंबी पत्रकारिता यात्रा, लेखनी और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सम्मान प्राप्त हुआ।

मुख्यमंत्री के हाथों सरायपाली के पत्रकार का सम्मानित होना न केवल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, बल्कि इससे महासमुंद जिले के स्थानीय पत्रकारों में भी नई उम्मीद जगी है। पत्रकारों का मानना है कि सरकार द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मान दिए जाने से उनकी समस्याओं को शासन स्तर पर गंभीरता से उठाने और उनके निराकरण की दिशा में सकारात्मक पहल का रास्ता मजबूत होगा।

स्थानीय पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि पत्रकारों की सुरक्षा, अधिमान्यता, आवास, स्वास्थ्य सुविधा, आर्थिक सुरक्षा और अन्य लंबित समस्याओं को लेकर शासन स्तर पर प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण एवं छोटे शहरों में काम करने वाले पत्रकारों को भी उनके योगदान के अनुरूप सुविधाएं और सम्मान मिल सकेगा।

दिलीप गुप्ता का सम्मान सरायपाली सहित पूरे महासमुंद जिले के पत्रकारिता जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। चार दशक की निष्पक्ष पत्रकारिता को मिला यह सम्मान स्थानीय पत्रकारों के लिए प्रेरणा के साथ-साथ शासन से अपेक्षाओं को भी नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!