बेटियों के हाथों में बैग, मैदान में खेल सामग्री… गौरेला के कन्या छात्रावास में आखिर क्यों जुटे जनप्रतिनिधि और पालक?मुकेश दुबे ने योजनाओं की दी जानकारी, रियाज अहमद कुरैशी और कुलदीप सिंह धीरज ने बढ़ाया छात्राओं का उत्साह; डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय की मौजूदगी में हुआ पालक-बालिका सम्मेलन।
नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ ,गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही(सर्वव्यापी)
प्री मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास गौरेला में छात्राओं की शिक्षा, अनुशासन, स्वास्थ्य, खेलकूद एवं सर्वांगीण विकास को लेकर पालक-बालिका सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में छात्राओं के भविष्य और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर पालकों तथा जनप्रतिनिधियों के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई। कार्यक्रम में छात्राओं को स्कूल बैग एवं खेल सामग्री का वितरण भी किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका गौरेला अध्यक्ष मुकेश दुबे तथा नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय उपस्थित रहीं। वहीं वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद एवं अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष रियाज अहमद कुरैशी तथा प्रदेश अल्पसंख्यक सदस्य कुलदीप सिंह धीरज विशेष रूप से शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने सम्मेलन को विशेष महत्व दिया।नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने छात्राओं से संवाद करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, कन्या विवाह योजना सहित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छात्राओं और उनके पालकों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने बेटियों को शिक्षा के साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।पार्षद रियाज अहमद कुरैशी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा और आत्मविश्वास बेटियों के भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को बेहतर वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सहयोग की बात कही।वहीं प्रदेश अल्पसंख्यक सदस्य कुलदीप सिंह धीरज ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियों को पढ़ाई के साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय की उपस्थिति में आयोजित सम्मेलन में छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, अनुशासन तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। पालकों से अपनी बेटियों की पढ़ाई पर नियमित ध्यान देने और छात्रावास में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की गई।छात्रावास अधीक्षिका प्रीति शुक्ला ने पालकों को छात्रावास में उपलब्ध भोजन, आवास, पेयजल, सुरक्षा, अध्ययन-अध्यापन एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं की दिनचर्या, पढ़ाई तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी विस्तार से बताया।*बैग और खेल सामग्री पाकर खिल उठे छात्राओं के चेहरे*सम्मेलन की सबसे आकर्षक पहल छात्रावास की सभी छात्राओं को अतिथियों के हाथों स्कूल बैग एवं खेल सामग्री का वितरण रहा। सामग्री प्राप्त होने पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। अतिथियों ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में भी जानकारी ली।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित पालकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। सम्मेलन के अंत में पालकों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अधीक्षिका प्रीति शुक्ला के प्रयासों की प्रशंसा की।कार्यक्रम में मंगलीबाजार गौरेला की प्राचार्य एल. प्रकाश, नगर के गणमान्य नागरिक, छात्रावास का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राओं के माता-पिता उपस्थित रहे।



