Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

सरायपाली में खेलों की तैयारी तेज: विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए बनी संचालन समिति।

विकास नंद/सर्वव्यापी

सरायपाली विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकासखंड शिक्षा कार्यालय में विकासखंड के समस्त व्यायाम शिक्षकों की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के सफल, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पिछले वर्षों के लंबित क्रीड़ा अंशदान की राशि सात दिवस के भीतर विकासखंड कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराई जाएगी। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्राचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि विकासखंड एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।साथ ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 के क्रीड़ा अनुदान के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के अधिकाधिक विद्यार्थियों की विकासखंड स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।यह भी तय किया गया कि आगामी बैठक में विकासखंड के सभी प्राचार्यों एवं क्रीड़ा प्रभारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।

मिनी वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों की प्रतियोगिताओं में भागीदारी से संबंधित व्यय संबंधित विद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा।बैठक के दौरान विकासखंड क्रीड़ा संचालन समिति का गठन भी किया गया। समिति में डॉ. शुभ्रा डड़सेना, लखेश्वर भोई, क्षितिपति साहू एवं ऋषि कुमार साहू को सदस्य बनाया गया।

समिति के निर्देशन एवं अनुशंसा के आधार पर विकासखंड एवं जिला स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का संचालन तथा समस्त आय-व्यय किया जाएगा। विकासखंड क्रीड़ा विभाग के सचिव के रूप में स्वाधीन शर्मा दायित्व निभाएंगे।बैठक में हेमसागर कैवर्त, शिव पटेल, वासुदेव पटेल, सतीश पैकरा, ममता प्रधान, मंजुला चौधरी एवं मंजू लता पटेल सहित विकासखंड के व्यायाम शिक्षक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी व्यायाम शिक्षकों से खेल गतिविधियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय, अनुशासन एवं सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया गया। यह जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!