
विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और दुर्घटनाजन्य स्थलों को सुरक्षित बनाने की दिशा में जिला पुलिस प्रशासन ने IIT मद्रास के विशेषज्ञों के साथ मिलकर जिले के पांच प्रमुख ‘ब्लैक स्पॉट्स’ का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की बनावट से लेकर दृश्यता, साइन बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, डिवाइडर, अनधिकृत कट और अवैध पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं का मौके पर तकनीकी अध्ययन किया गया।
संयुक्त टीम ने जिले के पांच प्रमुख दुर्घटनाजन्य स्थलों का निरीक्षण किया, जिनमें कांग्रेस चौक महासमुंद (NH-353), करणी कृपा प्लांट तुमगांव (NH-53), कोडार चौक से कोडार काष्ठागार (NH-53), बावनकेरा चौक थाना पटेवा (NH-53) तथा यू गिल ढाबा साल्हेतराई बसना (NH-53) शामिल हैं।
सड़क की खामियों और दुर्घटना के कारणों का मौके पर अध्ययन
निरीक्षण के दौरान IIT मद्रास के विशेषज्ञों ने दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क की संरचना, मोड़ एवं चौराहों की दृश्यता, संकेतक बोर्ड, प्रकाश व्यवस्था, डिवाइडर और यातायात संचालन की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। टीम ने यह भी देखा कि किन तकनीकी एवं व्यवस्थागत खामियों के कारण इन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका बढ़ती है।
विशेषज्ञों ने दुर्घटना संभावित मोड़ और चौराहों पर विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार करने पर जोर दिया। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में चेतावनी एवं सांकेतिक बोर्ड, रंबल स्ट्रिप्स, कैट्स आई (रिफ्लेक्टर्स) तथा ट्रैफिक सिग्नल/ब्लिंकर लगाने की आवश्यकता बताई गई।
अवैध कट और पार्किंग पर सख्ती
राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे होने वाली अवैध पार्किंग तथा अनधिकृत मीडियन ओपनिंग (कट) को दुर्घटनाओं का संभावित कारण मानते हुए इन्हें तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। संबंधित सड़क निर्माण एवं रखरखाव एजेंसियों, विशेषकर NHAI और PWD, को निरीक्षण के बाद आवश्यक सुधारात्मक कदम जल्द लागू करने के लिए निर्देशित किया गया है।
‘जीरो एक्सीडेंट’ की दिशा में कदम
पुलिस प्रशासन और IIT मद्रास की इस संयुक्त पहल को जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पांच चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स की खामियों को दूर कर यहां दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान IIT मद्रास से पंकज मेहरा, प्रोजेक्ट ऑफिसर एवं हेमेन्द्र शर्मा, प्रोजेक्ट इंजीनियर, परिवहन विभाग से जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला एवं अमित पाटिल, सहायक प्रोग्रामर, पुलिस विभाग से रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप, प्रभारी यातायात महासमुंद एवं आर. महेंद्र दीवान तथा NHAI से प्रोजेक्ट मैनेजर महावीर उपस्थित रहे।इसके अलावा PWD से SDO साहू, NH-PWD से जे. पी. कौशल एवं भूमि राणा, सब इंजीनियर भी संयुक्त निरीक्षण में शामिल रहे।




