
विकास नंद/सर्वव्यापी
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में छूटे हुए पात्र नागरिकों एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ना है, जिनका पंजीयन अब तक नहीं हो पाया है।अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची का निरंतर अद्यतनीकरण करेंगे। इस दौरान पात्र नागरिकों की जानकारी जुटाने के साथ नए मतदाताओं के पंजीयन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार लंगेह ने ईआरओ एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। नागरिकों के सक्रिय सहयोग से यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदनपात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए संबंधित बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ECINET मोबाइल एप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।कलेक्टर लंगेह ने अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों को मतदाता पंजीयन के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप (SVEEP) गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए। विशेष रूप से युवा एवं पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों तक पहुंच बनाकर उन्हें मतदाता सूची में पंजीयन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, अनुविभागीय अधिकारी अक्षा गुप्ता, स्वीप के नोडल अधिकारी रेखराज शर्मा सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


