
विकास नंद/ सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026 में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन एवं बिचौलियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिले में लगातार निगरानी की जा रही है।सरायपाली अनुविभाग में अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए 8 जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।अनुविभागीय दंडाधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए गए 8 बिचौलियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 126, 135 एवं 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध परिवहन और बिचौलियों की संलिप्तता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।वहीं प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही धान का विक्रय करें तथा अवैध परिवहन, खरीदी-बिक्री या बिचौलियों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।



