तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य राऊत नाचा की अपनी अलग पहचान है। यह नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। इसी लोकसंस्कृति की खूबसूरत झलक बिलासपुर जिले के सिंधी कॉलोनी के पास स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के प्रांगण में देखने को मिली, जहां यादव समाज के लोगों ने पारंपरिक राऊत नाचा की शानदार प्रस्तुति दी।इस दौरान माहौल उस समय और भी खुशनुमा हो गया, जब संजीवनी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. विनोद तिवारी राऊत नाचा की धुन और यादव समाज के पारंपरिक नृत्य को देखकर खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने भी यादव समाज के लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर जमकर राऊत नाचा किया। अस्पताल के प्रांगण में डॉक्टर को इस तरह लोकनृत्य करते देखकर वहां मौजूद लोग भी उत्साहित हो उठे। देखते ही देखते यह आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक सौहार्द की खूबसूरत मिसाल बन गया।डॉ. विनोद तिवारी का यह सहज और आत्मीय अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है। यादव समाज के पारंपरिक राऊत नाचा में उनकी सहभागिता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इसे काफी पसंद कर रहे हैं। आमतौर पर अस्पतालों में मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की गतिविधियां देखने को मिलती हैं, लेकिन संजीवनी हॉस्पिटल के प्रांगण में लोकसंस्कृति के रंग में रंगे इस अनूठे नजारे ने सभी का ध्यान आकर्षित किया है।यह आयोजन इस बात का भी संदेश देता है कि हमारी लोकपरंपराएं समाज को जोड़ने का काम करती हैं। जब समाज के अलग-अलग वर्ग के लोग एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उसमें सहभागी बनते हैं, तो सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव की भावना और मजबूत होती है। डॉ. विनोद तिवारी का यादव समाज के साथ राऊत नाचा करना इसी आत्मीयता और सांस्कृतिक सम्मान की एक सुंदर तस्वीर बनकर सामने आया है।


