
विकास नंद/सर्वव्यापी
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिला चिकित्सालय महासमुंद में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण और फिजियोथैरेपी सहित आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा, डीन डॉ. रेणुका गहने एवं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बसंत कुमार माहेश्वरी ने जिला चिकित्सालय के फिजियोथैरेपी विभाग में दीप प्रज्ज्वलित कर किया।शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड की उपयोगिता और इससे मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। जरूरतमंद बुजुर्गों को उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुसार छड़ी एवं वॉकर जैसे सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। इसके अलावा नियमित व्यायाम, स्वास्थ्य देखभाल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए फिटनेस बुक प्रदान की गई।
निःशुल्क जांच और दवा का वितरण
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ दवाओं का वितरण किया गया। स्टाफ नर्स द्वारा ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थ्य शिक्षा दी।
53 वरिष्ठ नागरिकों को मिली फिजियोथैरेपी सेवा
फिजियोथैरेपी विभाग में फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. योगिता बाला पटेल एवं उनके सहयोगी देवकुमारी साहू तथा रणजीत नारंग ने कुल 53 वरिष्ठ नागरिकों को फिजियोथैरेपी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान उन्हें उनकी शारीरिक आवश्यकताओं के अनुरूप व्यायाम, गतिशीलता बनाए रखने और नियमित फिजियोथैरेपी के महत्व की जानकारी दी गई।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने, नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विभाग ने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने और अपनी क्षमता के अनुसार शारीरिक गतिविधियों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।




