नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संचालित फिट इंडिया एवं माय भारत अभियान के तहत विकसित भारत के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे 100 सप्ताह के ‘नशामुक्त युवा अभियान’ के अंतर्गत रविवार, 29 नवंबर को जिलेभर में विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जुंबा एवं फिटनेस कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम के. सहित अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।इस अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए शारीरिक फिटनेस अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं को फिट रखने के लिए स्वप्रेरणा से अनुशासन का पालन करना चाहिए। योग, व्यायाम एवं खेल गतिविधियों को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता के लिए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) एवं शैक्षणिक संस्थाओं में भी योगाभ्यास, रस्सीकूद, साइकिल रैली सहित विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नियमित व्यायाम करने, नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त युवा शक्ति के निर्माण और उनकी सक्रिय भागीदारी से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।

