तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर शहर में रसोई गैस उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अग्रसेन चौक स्थित बिलासपुर गैस (एचपी) एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि ऑनलाइन गैस सिलेंडर की बुकिंग कराने और डिलीवरी के लिए ओटीपी (OTP) तक मोबाइल पर प्राप्त होने के बावजूद उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। बिलासपुर गैस एजेंसी पहुंचने वाले ग्राहकों को यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि गैस सिलेंडर एक सप्ताह बाद मिलेगा।सबसे बड़ी विडंबना यह है कि उपभोक्ता निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन बुकिंग कराते हैं, उनके मोबाइल पर डिलीवरी ओटीपी भी आ जाता है, लेकिन इसके बाद भी उन्हें सिलेंडर के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। सवाल यह उठता है कि जब डिलीवरी की सूचना और ओटीपी जारी हो चुका है, तो फिर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने में देरी क्यों की जा रही है? आखिर ऑनलाइन व्यवस्था का लाभ आम जनता को कब मिलेगा?वहीं दूसरी ओर तिफरा क्षेत्र के उपभोक्ताओं की परेशानी भी कम नहीं है। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने के बावजूद यहां अनेक उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा नहीं मिल पाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं को स्वयं गैस एजेंसी तक पहुंचकर सिलेंडर लेने की मजबूरी बनी हुई है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और कामकाजी परिवारों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है।ऑनलाइन बुकिंग का क्या मतलब, जब समय पर नहीं मिल रहा सिलेंडर?गैस उपभोक्ताओं का कहना है कि जब सरकार और गैस कंपनियां डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से घर बैठे बुकिंग और होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध कराने का दावा करती हैं, तो जमीनी स्तर पर इन सुविधाओं का पालन क्यों नहीं हो रहा है? यदि बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को एक सप्ताह इंतजार करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी?कलेक्टर संजय अग्रवाल और खाद्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांगइस पूरे मामले में जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला खाद्य अधिकारी को तत्काल संज्ञान लेने की आवश्यकता है। अग्रसेन चौक स्थित संबंधित बिलासपुर गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए। ऑनलाइन बुकिंग, डिलीवरी ओटीपी जारी होने और वास्तविक सिलेंडर वितरण की स्थिति का मिलान किया जाए। साथ ही तिफरा क्षेत्र में होम डिलीवरी की सुविधा सुनिश्चित कराने के लिए भी आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।हजारों उपभोक्ता अपनी रसोई चलाने के लिए गैस सिलेंडर पर निर्भर हैं। ऐसे में गैस वितरण व्यवस्था में लापरवाही और अनावश्यक देरी आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन उपभोक्ताओं की इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और संबंधित गैस एजेंसी की जवाबदेही तय कर आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।



