Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने की योजनाओं की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश,जनगणना की तैयारी, बच्चों के आधार कार्ड निर्माण और जल संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने पर दिया जोर।

विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन के गृह एवं जेल विभाग की अपर मुख्य सचिव एवं महासमुंद जिले की प्रभारी सचिव निहारिका बारिक ने जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति, कानून व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रभारी सचिव ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने तथा प्रत्येक प्रकरण में निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल योजनाओं की प्रगति तक सीमित न रहें, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान पर भी गंभीरता से ध्यान दें। लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

जल संरक्षण और ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता

बैठक में वीबी-राम जी योजना के अंतर्गत आजीविका डबरी, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम, डीफांक एवं बोरवेल सहित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। प्रभारी सचिव ने इन कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को विशेष महत्व देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधनों को मजबूत बनाने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की समीक्षा के दौरान महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बड़े ऋण उपलब्ध कराने तथा उन्हें आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने समूहों को स्वरोजगार, उत्पादन एवं आय बढ़ाने वाले कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने की बात कही।

धान के स्थान पर दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती को बढ़ावा

कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने किसानों को धान के स्थान पर दलहन, तिलहन एवं मिलेट्स फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जैविक खेती को बढ़ावा देने और उद्यानिकी फसलों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कृषि विविधीकरण के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा।

लोक निर्माण विभाग के निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अन्य विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में करें निराकरण

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली गई। प्रभारी सचिव ने सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

जनगणना की तैयारी और बच्चों के आधार कार्ड निर्माण पर जोर

आगामी जनगणना की तैयारियों के संबंध में प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक तैयारी एवं आपसी समन्वय सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों के आधार कार्ड निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में भी शिविर लगाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा सकें और कोई भी पात्र बच्चा इस सुविधा से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!