विकास नंद/ सर्वव्यापी

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान भंडारण, खरीदी और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न तहसीलों में लगातार जांच एवं निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में 23 एवं 24 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 1,156 कट्टा से अधिक अवैध धान जब्त किया गया।
बसना और पिथौरा में बड़ी जब्ती
23 नवंबर को तहसील बसना के ग्राम घुमाभाठा में हंसलाल पिता जगतूराम के पास से 45 कट्टा तथा ग्राम लम्बर में दिनेश कोसरिया की दुकान से लगभग 62 पैकेट खुला धान पाया गया। टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त कर मंडी विभाग को सौंप दिया।इसी दिन तहसील पिथौरा के ग्राम भुरकोनी में विकास अग्रवाल के पास से 600 कट्टा अवैध धान बरामद किया गया। इसे जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई के लिए मंडी निरीक्षक को सुपुर्द किया गया।24 नवंबर को तहसील पिथौरा अंतर्गत शंकर ट्रेडर्स, जंघोरा से 116 कट्टा, किशनपुर स्थित रुखमणी ट्रेडर्स से लगभग 200 कट्टा तथा ग्राम खैरखुटा में जितेश बरिहा के पास से 33 कट्टा धान जब्त किया गया। राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई की।
कोमाखान क्षेत्र में भी कार्रवाई
इसी तरह तहसील कोमाखान के ग्राम धौराभाटा में सलीम रिजवी की दुकान से 40 कट्टा तथा ग्राम भालूकोना में नरेश पिता घनाराम के घर से 60 कट्टा अवैध धान पाया गया। टीम ने मंडी अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की।
शांति विजय एग्रोटेक राइस मिल का निरीक्षण
धान के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर निगरानी के साथ ही महासमुंद स्थित शांति विजय एग्रोटेक राइस मिल का भी राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। तहसीलदार संतोष धुर्वे के नेतृत्व में खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, मंडी निरीक्षक गिरधारी लाल ध्रुव एवं उपनिरीक्षक अखिलेश राठिया ने मिल के स्टॉक एवं अभिलेखों की जांच की। जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड संतोषजनक पाए गए। मिलर ने कोंडागांव जिले में जमा किए जाने वाले चावल के तीन लॉट आगामी चार दिनों में जमा करने का आश्वासन दिया।
अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई
कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता, अवैध भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मंडी अधिनियम सहित प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।



