तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

विकसित भारत का सपना साकार करने के लिए देश के युवाओं को सकारात्मक सोच रखते हुए स्वयं को नशे से दूर रखना चाहिए। नशामुक्त युवा आज के समय की आवश्यकता है। यह प्रतिपादन वर्धा नगर परिषद के अध्यक्ष सुधीर पांगुळ ने किया। वे शनिवार, 21 नवंबर को मेरा युवा भारत, वर्धा की ओर से महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर मंच पर मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी सुशील भड, विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे तथा मेरा युवा भारत, वर्धा के दयाराम रामटेके उपस्थित थे।विश्वविद्यालय के कस्तूरबा सभागार में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नशामुक्ति विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता में सुशांत वनवे ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि अभिषेक ओझा और मंथन वानखेडे ने क्रमशः द्वितीय और तृतीय पुरस्कार हासिल किया। प्रतियोगिता में अभिनव थुटे, जयकरण, प्रितेश गजभिये, सतीश कुमार और प्रिया माली ने भी सहभागिता की। विजेताओं को स्मृतिचिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में डॉ. निशीथ राय, डॉ. रेणू सिंह, पंकज वंजारे, प्राध्यापक संदीप पाठारे और रूपाली जाधव ने भूमिका निभाई। सुशील भड ने प्रस्तावना प्रस्तुत की तथा सतीश इंगोले ने कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभम ताकसांडे, नितेश रामराव बेसेकर और सचिन बोडखे ने सहयोग किया।



