
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे उस समय खोखले नजर आते हैं, जब नौनिहालों को पढ़ाई करने के लिए स्कूल पहुंचने तक संघर्ष करना पड़े। ऐसा ही एक चिंताजनक मामला बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम ढनढन के प्राथमिक शाला से सामने आया है। यहां स्कूल परिसर की हालत इतनी बदतर हो चुकी है कि पूरा परिसर कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। तूफान और बारिश के बाद स्थिति और भी भयावह हो गई है। स्कूल परिसर गौठान जैसी स्थिति में नजर आ रहा है। बच्चों के लिए कीचड़ पार कर स्कूल के भीतर पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। वीडियो में भी स्कूल की बदहाली साफ देखी जा सकती है।
बच्चों की पढ़ाई से ज्यादा स्कूल पहुंचने की चुनौती
स्कूल परिसर में फैले कीचड़ के कारण छोटे-छोटे बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि एक जवान व्यक्ति के लिए भी इस कीचड़ को पार कर स्कूल के अंदर पहुंचना मुश्किल है। ऐसे में मासूम विद्यार्थियों की परेशानी का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। सवाल यह है कि आखिर बच्चों को शिक्षा के लिए ऐसी असुविधाजनक और असुरक्षित परिस्थितियों से गुजरने के लिए कब तक मजबूर होना पड़ेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को स्कूल की यह बदहाली दिखाई नहीं दे रही है?महीनों से शिकायत, फिर भी कार्रवाई के नाम पर सिर्फ पत्राचारकिसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव श्याम मूरत कौशिक ने बताया कि ग्राम ढनढन के प्राथमिक स्कूल की इस गंभीर समस्या को लेकर कई महीने पहले ही जिला कलेक्टर सहित शिक्षा विभाग के सचिव, संचालक, संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत की जा चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। बावजूद इसके समस्या का समाधान करने के बजाय कार्रवाई के नाम पर केवल चिट्ठी-पत्री का दौर चल रहा है। विभागीय अधिकारियों की इस उदासीनता का खामियाजा आखिरकार मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है।*सरकारी स्कूलों की बदहाली पर उठ रहे सवाल*एक तरफ सरकार शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और सरकारी स्कूलों में सुविधाएं बढ़ाने की बात करती है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं। सरकारी शिक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही कई सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में ढनढन प्राथमिक शाला की बदहाली ने जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।*कलेक्टर और शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग*किसान कांग्रेस प्रदेश महासचिव श्याम मूरत कौशिक एवं संपादक तरुण कौशिक ने जिला कलेक्टर बिलासपुर, संयुक्त संचालक शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि ग्राम ढनढन के प्राथमिक स्कूल परिसर का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। परिसर में फैले कीचड़ और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अब देखना यह है कि बच्चों के भविष्य से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर साय सरकार और जिला प्रशासन कितनी तत्परता दिखाते हैं, या फिर ढनढन के नौनिहाल इसी तरह कीचड़ के बीच शिक्षा हासिल करने को मजबूर रहेंगे?




