
विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की पहली दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक 16 एवं 17 नवंबर को रायपुर स्थित जैनम मानस भवन में आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेशभर से 500 से अधिक महिला पदाधिकारी एवं महिला नेत्रियां शामिल होंगी।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों की रूपरेखा तैयार करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहकर महिला कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। बैठक के विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों, महिला कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी की भावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति से महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होने की उम्मीद है।
यह बैठक प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए महिला शक्ति को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




