Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

पिरदा महाविद्यालय में सत्यनिष्ठा का संदेश, भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण पर जोर।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

शासकीय नवीन महाविद्यालय पिरदा में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य बृजलाल पटेल के निर्देशन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मकरध्वज राणा के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों और महाविद्यालय के सदस्यों को ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिक मूल्यों तथा भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में हिंदी के सहायक प्राध्यापक डॉ. अंकित भोई ने सत्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी राष्ट्र और समाज की वास्तविक समृद्धि उसकी नैतिकता, ईमानदारी तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए। दैनिक जीवन में ईमानदारी और नैतिक आचरण को अपनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

ईमानदारी और जवाबदेही से बनेगा सशक्त समाज

महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल पटेल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सतर्कता, जवाबदेही और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज में भ्रष्टाचार के प्रति सजग रहने तथा सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि सत्यनिष्ठा केवल एक नैतिक मूल्य नहीं, बल्कि समृद्ध, सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ करे, तो भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया जा सकता है।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मकरध्वज राणा ने किया। इस अवसर पर इतिहास के सहायक प्राध्यापक अनिल दीवान, भौतिक शास्त्र के सहायक प्राध्यापक अजय कुमार भोई सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!