
विकास नंद (सर्वव्यापी)
संभावित चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव की आशंका को देखते हुए महासमुंद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 से 29 अक्टूबर तक संभावित मौसमी प्रभाव को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और पशुहानि को रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कलेक्टर लंगेह ने समय-सीमा की बैठक में स्वास्थ्य, पुलिस, विद्युत सहित संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पांस टीम तैयार रखने, पुलिस विभाग को सतर्क रहने तथा विद्युत विभाग को संभावित व्यवधानों से निपटने के लिए जरूरी व्यवस्था करने को कहा गया है। साथ ही एसडीआरएफ और होमगार्ड के जवानों को आवश्यकता के अनुसार तैनात रखने तथा सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
संभावित आपदा के दौरान सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और राहत कार्यों के समन्वय के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 07723-223305 पर संपर्क कर सकते हैं। कलेक्टर ने सभी तहसीलों में भी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
गांवों और शहरों में मुनादी कराने के निर्देश
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों तक समय पर मौसम संबंधी जानकारी और सावधानी के संदेश पहुंचाने के लिए कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने स्तर पर आवश्यक संसाधन, कर्मचारियों और राहत-बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आपात स्थिति में बिना देरी के कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर की अपील—सतर्क रहें, सुरक्षा को दें प्राथमिकता
कलेक्टर लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि आगामी तीन दिनों तक विशेष सावधानी बरतें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम संबंधी चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम को सूचना दें।उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और संभावित चक्रवात के दौरान जन-धन की सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी रखें। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




