विकास नंद (सर्वव्यापी)

दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सघन जांच और नमूना संकलन अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार जांच की जा रही है। अभियान के तहत मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल और अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है।
जनवरी से सितंबर तक 216 नमूने संकलित
अभिहित अधिकारी उमेश कुमार के मार्गदर्शन में जनवरी से सितंबर 2026 तक जिले में कुल 216 खाद्य नमूने संकलित किए गए। इनमें 78 विधिक और 138 सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। प्राप्त प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के अनुसार, 5 नमूने मिथ्याछाप, 2 अवमानक तथा 4 नमूने असुरक्षित पाए गए हैं। वहीं, 13 नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित मामलों में कुल 11 प्रकरण दायर किए गए हैं। इन मामलों में सक्षम प्राधिकारी द्वारा 16 लाख 90 हजार 100 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अक्टूबर में भी जारी है जांच अभियान
अक्टूबर 2026 में अब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा कुल 26 खाद्य नमूने संकलित किए गए हैं। इनमें 13 विधिक और 13 सर्विलेंस नमूने शामिल हैं। जांच के लिए पनीर, दही, मिठाइयों, दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल तथा अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत लागू नियमों और विनियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को मानकों के पालन के निर्देश
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करने तथा निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन की नागरिकों से अपील
दीपावली के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने तथा पैकेटबंद उत्पादों पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और अन्य आवश्यक लेबल विवरणों की जांच करने की अपील की है।त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी और नमूनों की जांच का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करना है।




