Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

2 नवंबर को सजेगा राज्योत्सव का मंच, कलेक्टर लंगेह ने तैयारियों का लिया जायजा‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर होगा आयोजन।

विकास नंद (सर्वव्यापी)

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय महासमुंद में 2 नवंबर 2026 को राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। कार्यक्रम शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य महाविद्यालय परिसर स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने गुरुवार शाम अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर लंगेह ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत महासमुंद को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राज्योत्सव के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक जिले के शासकीय भवनों में रोशनी भी की जाएगी।

सुरक्षा से लेकर पेयजल तक की व्यवस्था की जिम्मेदारी तय

राज्योत्सव में आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पुलिस विभाग कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालेगा, जबकि वन विभाग बैरिकेडिंग के लिए बांस-बल्ली की व्यवस्था करेगा। जिला पंचायत की एनआरएलएम शाखा और लोक निर्माण विभाग द्वारा मंच निर्माण, पंडाल, बैठक व्यवस्था एवं प्रदर्शनी स्थल का लेआउट तैयार किया जाएगा।विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति और जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। नगरपालिका परिषद महासमुंद को अस्थायी एवं चलित शौचालय, स्वच्छता और पेयजल की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा, ओआरएस, स्ट्रेचर और आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था करेगा। वहीं, उद्यानिकी विभाग मंच की सजावट की जिम्मेदारी संभालेगा।

विकास योजनाओं और जिले की उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी

राज्योत्सव के दौरान मिनी स्टेडियम परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा विकासात्मक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, मत्स्य पालन, उद्योग, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, वन, खाद्य, श्रम, परिवहन और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।इन स्टॉलों के माध्यम से शासन की प्रमुख योजनाओं, सफल परियोजनाओं और जिले की उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैठक व्यवस्था का भी निरीक्षण

राज्योत्सव के अवसर पर शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर लंगेह ने निरीक्षण के दौरान वीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बैठने की व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध रहें, ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, एसडीएम अक्षय गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!