
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों, वालंटियर्स एवं छात्र-छात्राओं को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।जिले में तैयार की गई 76×76 फीट की विशाल ‘भारत मंडला’ रंगोली प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रही। इसका थीम ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ रखा गया था। इसके साथ ही जिले के सभी विकासखंडों में 17×17 फीट की रंगोली तैयार कर आम नागरिकों के अवलोकन के लिए प्रदर्शित की गई।रंगोली प्रदर्शनी को सफल बनाने में विभिन्न महाविद्यालयों के 35 टीम प्रभारियों एवं 160 से अधिक छात्र-छात्राओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर सेवा संकल्प अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं विद्यार्थियों को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम के दौरान भव्य सेवा ज्योति प्रज्ज्वलन का समापन भी इसी स्थल पर किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों और विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
नुक्कड़ नाटक और छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य ने बांधा समां
समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आकर्षण बढ़ाया। शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय महासमुंद के विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर विकास और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। वहीं शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में रंगोली प्रदर्शनी की जिला नोडल अधिकारी डॉ. रीता पाण्डे, सहायक नोडल अधिकारी मनीराम धीवर, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. मालती तिवारी, जिला संगठक रेखराम शर्मा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरस्वती वर्मा, डॉ. श्वेतलाना नागल, राजेश्वरी सोनी, आशुतोष पुरी गोस्वामी, गायत्री चंद्राकर, निर्मल बंजारे, कांति साहू एवं हेमेन्द्र साहू उपस्थित रहे।समारोह का संचालन अजय कुमार राजा ने किया तथा आभार प्रदर्शन डॉ. मालती तिवारी ने किया।


