
नूर मोहम्मद,जिला ब्यूरो चीफ,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (सर्वव्यापी)
नागरिक आपूर्ति व्यवस्था में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने मरवाही स्थित नागरिक आपूर्ति निगम के चावल गोदामों का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदामों में चावल के भंडारण, गुणवत्ता तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के लिए की जा रही आपूर्ति व्यवस्था की बारीकी से जानकारी ली और अधिकारियों को गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के स्पष्ट निर्देश दिए।कलेक्टर ने दो टूक कहा कि गोदामों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरने वाला चावल ही स्वीकार किया जाए। जांच में अमानक पाए जाने वाले चावल को संबंधित मिलर्स को तत्काल वापस भेजने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चावल के लॉट की गुणवत्ता जांच और भंडारण प्रक्रिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गोदाम में उपलब्ध चावल के स्टॉक, भंडारण की स्थिति तथा मिलर्स द्वारा जमा किए जा रहे चावल के लॉट की लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था की जानकारी ली। इसके साथ ही पीडीएस दुकानों को चावल की आपूर्ति, वितरण की स्थिति और पूरी आपूर्ति श्रृंखला की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से हितग्राहियों तक पहुंचने वाले चावल की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्टॉक एवं आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक धनंजय मदनकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




