Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

नौनिहालों के पोषण का संदेश बना ‘आंगन मिलन’ का केंद्र,सरायपाली के गढ़गांव आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई, अन्नप्राशन व मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम में शामिल हुई सरला कोरिया।

विकास नंद/सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के क्रम में सरायपाली विकासखंड के ग्राम गढ़गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया शामिल हुईं। उन्होंने गर्भवती माताओं, महिलाओं और बच्चों से संवाद करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा संस्कारों के महत्व पर जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं के लिए गर्भ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। सरला कोसरिया ने गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक वातावरण और मानसिक प्रसन्नता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था से लेकर बच्चे के प्रारंभिक विकास तक परिवार और समाज की सकारात्मक भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।इसके साथ ही नन्हे बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ विकास की कामना के साथ अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। आयोग की सदस्य सरला कोसरिया ने बच्चों को अन्नप्राशन कराया तथा उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की हितग्राहियों, स्वस्थ शिशुओं एवं उनकी माताओं को श्रीफल भेंटकर सम्मानित भी किया गया।आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मातृशक्ति, नन्हे बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सहभागिता से केंद्र का वातावरण उत्साह और अपनत्व से भर गया।इस अवसर पर सरला कोसरिया ने कहा कि मातृशक्ति का स्वास्थ्य और सम्मान समाज की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत कर रहा है।कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य, पोषण और संस्कार से जुड़े संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं, किशोरियां एवं नन्हे बच्चे उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!