
विकास नंद/ सर्वव्यापी

विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के तत्वावधान में ‘नमामि भारतम्’ अभियान के अंतर्गत सरायपाली स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, आचार्य-आचार्याओं और उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने एक साथ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया। राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सामूहिक स्वरों से विद्यालय परिसर गूंज उठा। इस दौरान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि सरला कोसरिया ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करते हैं। सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन समाज में एकता और राष्ट्रीय चेतना का संदेश देता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ नेता त्रिलोचन पटेल, छत्तर सिंह नायक, नगरपालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), विकासखंड शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ अभियान के तहत देशभर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जा रहा है। सरायपाली में आयोजित कार्यक्रम भी इसी राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा रहा।सामूहिक गायन के दौरान विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का वातावरण बना दिया।


