
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से महज कुछ कदमों की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत छतौना अब विकास और जनसेवा के नए मॉडल के रूप में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में शामिल इस महत्वपूर्ण ग्राम पंचायत को केंद्रीय राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद तोखन साहू द्वारा सांसद आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया गया है।सांसद आदर्श ग्राम पंचायत की परिकल्पना के अनुरूप छतौना में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और ग्रामीणों की भागीदारी को प्राथमिकता दी जा रही है। ग्राम पंचायत की महिला सरपंच राधिका राकेश कौशिक अपने कार्यों से ग्रामीणों के बीच सक्रिय और संवेदनशील जनप्रतिनिधि के रूप में पहचान बना रही हैं।सरपंच राधिका कौशिक के नेतृत्व में पंचायत स्तर पर आने वाली छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों को समझना और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर निराकरण कराना उनकी कार्यशैली का प्रमुख हिस्सा बन गया है।ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में अब शिकायतों को लंबित रखने के बजाय मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने और समाधान करने की पहल बढ़ी है। चाहे सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था अथवा अन्य स्थानीय समस्याएं हों, पंचायत प्रशासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।छतौना की भौगोलिक स्थिति भी इसे विशेष महत्व प्रदान करती है। उच्च न्यायालय जैसे प्रमुख संस्थान के समीप स्थित होने के कारण यह ग्राम पंचायत विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में आती है। ऐसे में सांसद आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में इसके चयन की दिशा में होने वाले प्रयासों से यहां आधुनिक सुविधाओं और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद बढ़ी है।महिला नेतृत्व में पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर भी सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है। सरपंच राधिका राकेश कौशिक का कहना है कि पंचायत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समय पर समाधान करना और छतौना को एक विकसित एवं सुविधायुक्त ग्राम पंचायत के रूप में स्थापित करना है।केंद्रीय राज्य मंत्री की पहल और पंचायत नेतृत्व की सक्रियता से छतौना अब क्षेत्र में विकास की नई कहानी लिखने की ओर अग्रसर है। आने वाले समय में यदि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होता है तो यह ग्राम पंचायत तखतपुर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे बिलासपुर जिले में एक आदर्श उदाहरण बन सकती है।




