Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

पत्रकार छायाकांत भट्ट ने राज्यपाल के समक्ष रखीं 6 प्रमुख मांगें, पत्रकार हितों से लेकर सरायपाली के विकास तक उठाए अहम मुद्दे…मीडिया कर्मियों की सुरक्षा, सिंचाई संकट, निःशुल्क कोचिंग सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की मांग।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

पत्रकार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े सक्रिय पत्रकार छायाकांत भट्ट ने पत्रकार हित, जनकल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के विकास से संबंधित छह प्रमुख मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के समक्ष पत्र प्रस्तुत किया है।

छायाकांत भट्ट ने अपने पत्र में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा है कि पत्रकार शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।

मीडिया कर्मी सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग

पत्रकार छायाकांत भट्ट ने छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी सुरक्षा कानून, 2023 का प्रदेश में पूर्ण एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने पत्रकारों को समाचार संकलन और प्रसारण के दौरान दबाव, धमकी, हिंसा एवं अन्य प्रकार के उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करने तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला एवं संभाग स्तर पर सक्षम अधिकारियों की नियुक्ति करने की मांग रखी है।

शासकीय कार्यक्रमों में स्थानीय पत्रकारों को मिले प्राथमिकता

छायाकांत भट्ट ने ब्लॉक, तहसील, जनपद, जिला एवं प्रदेश स्तर पर आयोजित महत्वपूर्ण शासकीय कार्यक्रमों, बैठकों, योजनाओं के शुभारंभ, लोकार्पण, जनसुनवाई और विकास कार्यों से जुड़े आयोजनों में स्थानीय पत्रकारों को विशेष रूप से आमंत्रित करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थानीय पत्रकारों की सक्रिय सहभागिता से योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचेगी।जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोरपत्र में सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की गई है। इसके लिए स्थानीय मीडिया, सोशल मीडिया, ग्राम सभाओं, जनजागरूकता शिविरों और सार्वजनिक घोषणाओं का प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया गया है।

सरायपाली के सिंचाई संकट का हो स्थायी समाधान

पत्रकार छायाकांत भट्ट ने सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सिंचाई समस्या को गंभीर मुद्दा बताते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने नई सिंचाई परियोजनाओं, नहरों, जलाशयों, स्टॉप डैम, एनीकट, तालाब एवं लघु सिंचाई योजनाओं के निर्माण के साथ पुरानी संरचनाओं के जीर्णोद्धार की मांग की है।उन्होंने कहा कि पर्याप्त एवं दीर्घकालीन सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, फसल विविधीकरण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की मांग

छायाकांत भट्ट ने सरायपाली में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग सेंटर एवं सर्वसुविधायुक्त लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित मार्गदर्शन के साथ पुस्तकें, संदर्भ सामग्री, समाचार पत्र-पत्रिकाएं, इंटरनेट, कंप्यूटर एवं शांत अध्ययन कक्ष उपलब्ध कराने की मांग की है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सुदृढ़ीकरण की मांग

पत्र में सरायपाली स्थित स्वर्गीय श्री मोहनलाल चौधरी जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और पर्याप्त संसाधनों के साथ सुदृढ़ करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग स्टाफ एवं तकनीकी कर्मचारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने का आग्रह किया गया है।साथ ही स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, मेडिसिन, एनेस्थीसिया एवं आपातकालीन चिकित्सा जैसी सेवाओं को नियमित रूप से उपलब्ध कराने तथा एक्स-रे, सोनोग्राफी, पैथोलॉजी, ऑक्सीजन व्यवस्था, ब्लड बैंक और आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की मांग की गई है।

पत्रकार छायाकांत भट्ट ने राज्यपाल से जनहित और पत्रकार हित से जुड़ी इन सभी छह प्रमुख मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!