
विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में 01 से 15 सितंबर तक आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता सप्ताह एवं साक्षरता पखवाड़ा के अंतर्गत विविध कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। पखवाड़े के प्रथम दिन कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने समय-सीमा की बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों को उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत साक्षरता शपथ दिलाई।इस अवसर पर अधिकारियों ने शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने और समाज में शिक्षा के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।अधिकारियों ने शपथ ली कि वे उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम से जुड़कर शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करेंगे तथा कर्तव्यनिष्ठ भाव से कार्यक्रम में अपना योगदान देंगे। साथ ही शिक्षार्थियों को साक्षर बनाने के लिए अपने पूर्ण ज्ञान और कौशल का उपयोग करेंगे।शपथ के माध्यम से अधिकारियों ने लोगों को साक्षर बनने के लिए प्रेरित करने और देश के जन-जन को साक्षर बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी लिया।साक्षरता पखवाड़े के प्रथम दिन जिले के समस्त कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में उल्लास शपथ एवं नारा लेखन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। आगामी 15 सितंबर तक जिलेभर में साक्षरता और शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।



