
विकास नंद/ सर्वव्यापी

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड, रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों, जनजातीय नायकों और देश की एकता-अखंडता के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, AI, बस्तर विकास, अधोसंरचना, महिला सशक्तिकरण और सुशासन से जुड़ी उपलब्धियां गिनाईं तथा कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
नक्सल मुक्त बस्तर में विकास की नई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल मुक्त भारत का संकल्प पूरा हो चुका है और बस्तर अब विकास तथा शांति की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। ‘नियद नेल्ला नार 2.0’ और ‘बस्तर मुन्ने अभियान’ के माध्यम से 31 योजनाओं और 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन किया जा रहा है। इससे बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने का दावा किया गया।नक्सल हिंसा के कारण बंद स्कूलों को दोबारा शुरू कराने के साथ 36 नए स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है। ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है।बस्तर के करीब 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए 4,824 करोड़ रुपए की आजीविका उन्नयन योजना तैयार की गई है। वहीं 234 अंदरूनी बसाहटों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए सड़क निर्माण और 461 सौर ऊर्जीकृत गांवों को ग्रिड से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
किसानों के लिए 3100 रुपए प्रति क्विंटल और फसल विविधता पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान का मूल्य दे रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को एकमुश्त राशि का भुगतान होली से पहले किया गया।
बड़ी घोषणा: धान के स्थान पर दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी और रागी जैसी फसलें लेने वाले किसानों को 15 हजार रुपए प्रति एकड़ आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है।सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपए से अधिक की मंजूरी दी गई है। सिकासार-कोडार नहर लिंकिंग परियोजना के लिए 3,047 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इंद्रावती नदी पर 2,000 करोड़ रुपए की लागत से मटनार और देउरगांव बैराज बनाए जाएंगे, जिससे 32 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने की बात कही गई।
24.50 लाख आवास स्वीकृत, रोज बन रहे औसतन 1600 घर
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में अब तक 24 लाख 50 हजार घर स्वीकृत किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन औसतन 1600 घर बनाए जा रहे हैं।प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के माध्यम से 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
महतारी वंदन से 70 लाख महिलाओं को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख हितग्राही महिलाओं के खातों में अब तक 19,444 करोड़ रुपए भेजे जा चुके हैं। प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।पीएम जनमन योजना के माध्यम से 56 हजार से अधिक पीवीटीजी परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचने तथा 6,691 जनजातीय बहुल गांवों में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का लाभ पहुंचने की जानकारी दी गई।
युवाओं के लिए भर्ती, रोजगार और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत आरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की भर्ती के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल बनाया गया है। पुलिस में 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है, जबकि शिक्षक एवं सहायक शिक्षक के 3,946 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की जा रही है।
बड़ी घोषणा: छत्तीसगढ़ के ऐसे अग्निवीर, जो चार वर्ष की सैन्य सेवा पूरी करेंगे, उन्हें पुलिस आरक्षक, वनरक्षक और जेल प्रहरी की सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ‘सीजी असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एक्जाम योजना’ शुरू करने की घोषणा भी की गई।
500 करोड़ का AI मिशन, 100 डेटा लैब और 5 सेंटर ऑफ एक्सीलें
समुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 500 करोड़ रुपए के ‘छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन’ को मंजूरी दी है।इस मिशन के तहत:100 AI डेटा लैब स्थापित किए जाएंगे।5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जाएंगे।50 से अधिक AI आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।6 लाख विद्यार्थियों और 1.5 लाख शासकीय कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण दिया जाएगा।
5 नए मेडिकल कॉलेज और खेलों को बढ़ावा
इसी सत्र से गीदम, कुनकुरी, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़ और कवर्धा में 5 मेडिकल कॉलेज शुरू करने की घोषणा की गई। छह शासकीय इंजीनियरिंग एवं पॉलीटेक्निक कॉलेजों को CGIT के रूप में विकसित किया जा रहा है।खेल अधोसंरचना के विकास के लिए ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ शुरू किया जाएगा। ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली छत्तीसगढ़ की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव को DSP पद पर पदोन्नति और 30 लाख रुपए की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया गया है। राज्य के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय सेवा के दरवाजे खोलने की भी घोषणा की गई।
निवेश के 8.23 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इससे करीब 1 लाख 74 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।नवा रायपुर में प्रदेश की पहली गारमेंट इकाई स्थापित की जा रही है, जिससे 4,600 से अधिक युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। मुंगेली में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड का प्लांट और प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।ऊर्जा क्षेत्र में 3.50 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्तावऊर्जा समिट के माध्यम से 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ प्रदेश के 90 हजार से अधिक उपभोक्ता उठा रहे हैं।
कनेक्टिविटी और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि ढाई वर्षों में दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टॉवर स्थापित किए गए हैं। भारतनेट 3.0 के माध्यम से 5,659 ग्राम पंचायतों को हाईस्पीड इंटरनेट से जोड़ने का लक्ष्य है।रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेसवे और रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। रावघाट-जगदलपुर रेल नेटवर्क पर भी काम आगे बढ़ाने की बात कही गई।
सुशासन के लिए CM हेल्पलाइन 1076
मुख्यमंत्री ने कहा कि CM हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अब तक 80 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 700 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। ई-ऑफिस, स्मार्ट पंजीयन कार्यालय और ऑटो म्यूटेशन जैसी व्यवस्थाओं को सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।इसके साथ ही VBG-RAMG योजना के माध्यम से प्रदेश के 6,524 गांवों में मुक्तिधाम एवं प्रतीक्षालय बनाए जाएंगे।
पर्यटन और संस्कृति को वैश्विक पहचान देने पर जोर
‘मुख्यमंत्री पर्यटन मिशन’ के जरिए बस्तर और सरगुजा में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चित्रकोट को ग्लोबल टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के साथ वहां टेंट सिटी बनाने की योजना है। सिरपुर को विश्व धरोहर स्थल के मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।लोकगायिका स्वर्गीय डॉ. तीजन बाई की विरासत को सहेजने के लिए ‘डॉ. तीजन बाई लोककला अलंकरण’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ी सिनेमा के विकास के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ का निर्माण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
आयुष्मान योजना के माध्यम से प्रदेश के 91 प्रतिशत लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलने की बात मुख्यमंत्री ने कही। नवा रायपुर में मेडिसिटी का निर्माण किया जा रहा है। संस्थागत प्रसव का प्रतिशत बढ़कर 96.2 प्रतिशत होने तथा संजीवनी एक्सप्रेस और महतारी एक्सप्रेस के जरिए आपात स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ पूरे प्रदेशवासियों का सामूहिक लक्ष्य है। उन्होंने विकास की इस यात्रा में सभी नागरिकों की सहभागिता का आह्वान किया।




